नरसिंहपुर में 14 मई को नरसिंह जयंती पर मनाया जाएगा नगर गौरव दिवस भव्य आयोजन

 

नरसिंहपुर, मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की मंशा और राज्य शासन के निर्देशानुसार नरसिंहपुर में 14 मई को भगवान नरसिंह की जयंती पर नगर गौरव दिवस का भव्य आयोजन करने के लिए विधायक श्री जालम सिंह पटैल एवं कलेक्टर श्री रोहित सिंह की मौजूदगी में गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में समाज के सभी वर्गों से नगर गौरव दिवस के गरिमामयी आयोजन के संबंध में सुझाव लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिये गये।

बैठक में नरसिंह जयंती पर नगर गौरव दिवस के उपलक्ष्य में नरसिंहपुर में 12 से 14 मई तक तीन दिवसीय कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाई गई। इसके लिए वार्डवार बैठक आयोजित करने और उनमें दुर्गा समितियों और अन्य संगठनों को शामिल करने की बात कही गई।

बैठक में तय किया गया कि नगर में 7 से 14 मई तक एक सप्ताह का सफाई अभियान जनप्रतिनिधियों, अधिकारी- कर्मचारियों व नागरिकों की सहभागिता से चलाया जायेगा। 12 मई को नगर में मिनी मैराथन का आयोजन किया जायेगा। मैराथन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को नगर गौरव दिवस की टी- शर्ट दी जायेंगी। नगर में शाम को लोग घरों में एवं प्रमुख चौराहों पर दीप प्रज्जवलन करेंगे और रंगोली सजाई जायेगी। शाम को नगर विकास पर परिचर्चा कर सुझाव लिये जायेंगे। इतिहास के जानकारों को बुलाकर विचार- विमर्श होगा। विभिन्न प्रदर्शनी, हाट बाजार, चोपड़ आदि पारंपरिक खेल होंगे। नरसिंह तालाब परिसर में पतंग उड़ाने का कार्यक्रम होगा। नगर की सभी रामधुन मंडलियों की सामूहिक रामधुन प्रभात फेरी निकाली जायेगी और सम्मान समारोह होगा।

13 मई को हेलमेट पहनकर दो- दो की कतार में बाइक रैली निकाली जायेगी। नगर की सभी रामधुन मंडलियों द्वारा सामूहिक रामधुन प्रभात फेरी निकाली जायेगी। नरसिंह तालाब परिसर में पतंग उड़ाने का कार्यक्रम होगा। नगर में लोग शाम को घरों में और प्रमुख चौराहों पर दीप प्रज्जवलन करेंगे व रांगोली सजाई जायेगी। कवि सम्मेलन, नाट्य मंचन व लोकल गीत गायन के कार्यक्रम होंगे।

14 मई को सुबह 7 बजे से नरसिंह मंदिर के गर्भ गृह में भगवान नरसिंह का अभिषेक, पूजन एवं मंदिर के बाहर भजन- संकीर्तन और स्वस्ति वाचन किया जायेगा। दोपहर एक बजे भंडारा होगा। नगर के सभी घरों एवं प्रमुख चौराहों पर शाम को दीप प्रज्जवलन किया जायेगा। रंगोली सजाई जायेगी। इस दिन शाम 7 बजे महाआरती होगी और रात्रि 8 बजे प्रसाद वितरण किया जायेगा। साथ ही रॉक संगीत का कार्यक्रम होगा।

बैठक में सुझाव दिये गये कि कार्यक्रम का प्रचार- प्रसार होर्डिंग्स के माध्यम से कराया जाये। शहर के चौराहों पर वंदनवार लगाये जायें। तालाब के आसपास साफ- सफाई कराकर चूने की लाइन डलवाई जाये। बूढ़े नरसिंह मंदिर की साफ- सफाई व लाईटिंग की जाये। वहां के मार्ग अवरोध हटवाया जाये। सभी शासकीय कार्यालयों में 12 से 14 मई तक तीन दिन के लिए प्रकाश की सजावट की जाये। आम नागरिक अपने घरों और आसपास साफ- सफाई रखें।

नगर देवता के सम्मान में दीपावली की भांति घरों में प्रकाश कर साज- सज्जा की जाये। नरसिंह तालाब के पास पर्किंग स्थल बनाया जाये। शहर के विभिन्न मार्गों से निर्माण सामग्री हटवाई जाये। शहर के सभी धार्मिक स्थलों पर प्रकाश और सजावट की जाये। बोर्ड परीक्षा में मैरिट में आने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया जाये।

बैठक में नागरिकों से अपील की गई कि सभी मिलजुलकर कार्यक्रम को सफल बनायें। बाइक रैली में हेल्मेट अवश्य लगायें। रैली अनुशासित व व्यवस्थित तरीके से संचालित हो। इसका रूट पहले से ही निर्धारित करने पर जोर दिया गया। नगर गौरव दिवस पर लोग अपने रिश्तेदारों को भी आमंत्रित कर सकते हैं।

Telegram Group Join Now
WhatsApp Channel Join Now
WhatsApp Group Join Now