March weather : देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल रहा है, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी, तो मैदानी क्षेत्रों में गर्मी और ठंडी हवाओं का असर है।
दिल्ली में बारिश की कमी से तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है, और तेज़ हवाओं के साथ मौसम में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।
- दिल्ली में तापमान में तेजी से वृद्धि, 6 मार्च से और गर्मी बढ़ेगी।
- जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी, तापमान में गिरावट।
- बिहार में गर्मी का असर बढ़ रहा, 30 डिग्री तक पहुंचा तापमान।
March weather : मौसम का मिज़ाज इन दिनों एकदम बदल चुका है, और उत्तर भारत के कई हिस्सों में इसका असर साफ दिखने लगा है। पश्चिमी विक्षोभ के चलते पहाड़ी राज्यों जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बर्फबारी और बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। इसके चलते एक बार फिर सर्दी का एहसास हो रहा है।
लेकिन वहीं, मैदानी इलाकों में कुछ अलग ही कहानी है। दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में मौसम पहले ही सुहावना हो चुका है। तेज़ हवाओं के साथ अब दिल्ली का तापमान बढ़ने लगा है। IMD के मुताबिक, 5 से 8 मार्च के बीच इन इलाकों में मौसम साफ रहेगा, हालांकि बादल आ-जा सकते हैं।
दिल्ली में अब तक का सबसे गर्म दिन
दिल्ली में 4 मार्च को इस साल का सबसे गर्म दिन रहा, जब अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह सामान्य से 3.7 डिग्री ज्यादा था, और न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री दर्ज किया गया। यह भी सामान्य से 3.8 डिग्री कम था। अब मार्च के महीने में भी दिल्ली में असमान तापमान देखा जा रहा है। आमतौर पर मार्च में औसतन अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री होता है, लेकिन इस बार कुछ अलग ही है।
कम बारिश, बढ़ता तापमान
दिल्ली में जनवरी और फरवरी के महीनों में बारिश काफी कम हुई। जनवरी में जहां औसतन 19.2 मिमी बारिश होती है, वहीं इस साल केवल 6.5 मिमी ही बारिश हुई। फरवरी में भी सिर्फ 1.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। मार्च की शुरुआत में भी बारिश का असर बहुत हल्का ही रहा, केवल 2.0 मिमी बारिश हुई है। इस कमी के चलते दिल्ली का तापमान तेजी से बढ़ रहा है।
एमपी में मौसम का पूर्वानुमान
एमपी के मौसम में लगातार परिवर्तन देखने को मिल रहा है। जहां अभी तक तापमान लगातार बढ़ रहा था वहीं अब तेज हवाओं की वजह से तापमान में चार डिग्री तक गिरावट देखी गई हप्रदेश के पश्चिमी हिस्से भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, चंबल और नर्मदापुरम संभाग में दिन के तापमान में 4.2 डिग्री तक की गिरावट हुई है। मंगलवार को हवा की रफ्तार 10 से 12Km प्रतिघंटा तक रही। ऐसा ही मौसम बुधवार को भी रहेगा। इसके बाद दिन के पारे में फिर से 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो जाएगी।
ज्यादातर शहरों के तापमान में आई गिरावट
ज्यादातर शहरों में दिन के तापमान में गिरावट हुई है। पचमढ़ी में पारा 27.5 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि खरगोन में 35.6 डिग्री, खंडवा में 35.1 डिग्री, नर्मदापुरम में 34.5 डिग्री, मंडला में 34 डिग्री, मलाजखंड में 33.5 डिग्री, रतलाम-उमरिया में 33.2 डिग्री और दमोह में पारा 33 डिग्री रिकार्ड किया गया है। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 31 डिग्री, इंदौर में 30.5 डिग्री, ग्वालियर में 30.9 डिग्री, उज्जैन में 31.2 डिग्री और जबलपुर में पारा 32.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ेगी
अब मौसम के और गर्म होने की संभावना है। 6 मार्च से तापमान में और वृद्धि हो सकती है, और अनुमान है कि अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। इस दौरान दिल्ली में पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होगा, जिससे मौसम सूखा रहेगा और तेज़ धूप का सामना करना पड़ेगा।
बिहार में गर्मी का बढ़ता असर
बिहार में अब ठंड पूरी तरह से खत्म हो चुकी है और तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। अगले कुछ दिनों में कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन गर्मी का असर बने रहने का अनुमान है।
राजस्थान में मौसम का बदलाव
राजस्थान में दिन के समय तेज़ धूप और रात के वक्त ठंडी हवाएं चल रही हैं। 6 मार्च तक ठंडी हवाओं का असर बना रहेगा, लेकिन 7 मार्च के बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है।
यह भी पढ़ें:-Aaj ka Rashifal 5 March 2025 : आज गणेश जी की उपासना करने से सुख-समृद्धि में वृद्धि होगी, इन राशियों को मिलेगा लाभ