Naxalite Arrested : छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी कामयाबी, 2 लाख का इनामी नक्सली गिरफ्तार
सुकमा पुलिस की बड़ी सफलता 8 गंभीर मामलों में वांछित नक्सली धराया, कोर्ट ने जारी किए थे 3 स्थायी वारंट
- 2 लाख रुपए का इनामी नक्सली पुलिस के हत्थे चढ़ा
- हत्या, लूट, आईईडी ब्लास्ट जैसे 8 मामलों में शामिल
- छत्तीसगढ़ को मार्च 2026 तक नक्सल मुक्त बनाने का लक्ष्य
Naxalite Arrested : नक्सल प्रभावित छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों को एक और बड़ी जीत मिली है। सुकमा पुलिस ने 2 लाख के इनामी नक्सली को गिरफ्तार कर लिया है, जो लंबे समय से फरार था। इस गिरफ्तारी को नक्सल विरोधी अभियान में एक अहम उपलब्धि माना जा रहा है।
गिरफ्तार नक्सली पर हत्या, सुरक्षाबलों पर हमला, आईईडी ब्लास्ट, लूटपाट, आगजनी और ग्रामीणों के साथ मारपीट जैसे कुल 8 गंभीर मामले दर्ज हैं। यही नहीं, कोर्ट ने इस पर 3 मामलों में स्थायी गिरफ्तारी वारंट भी जारी कर रखा था।
कैसे हुई नक्सली की गिरफ्तारी?
खुफिया जानकारी के आधार पर सुकमा पुलिस ने इस नक्सली की सटीक लोकेशन ट्रैक की और उसे दबोच लिया। पुलिस ने उसके पास से धनुष और नक्सली पर्चे भी बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से इलाके में नक्सली गतिविधियों को अंजाम दे रहा था और ग्रामीणों में आतंक फैलाने का काम कर रहा था।
छत्तीसगढ़ में ऑपरेशन तेज, 2026 तक नक्सल मुक्त करने की योजना
केंद्र और राज्य सरकार मिलकर छत्तीसगढ़ को मार्च 2026 तक नक्सल मुक्त बनाने के लिए तेज ऑपरेशन चला रही हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कई बार इस संकल्प को दोहरा चुके हैं और सुरक्षाबलों को यह लक्ष्य सौंपा गया है।
इस ऑपरेशन के चलते लगातार नक्सली सरेंडर कर रहे हैं और सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर रहे हैं। कई शीर्ष नक्सली या तो मारे जा चुके हैं या जेल में बंद हैं।
नक्सल प्रभावित इलाकों में बढ़ी सुरक्षा
सुकमा और आसपास के नक्सल प्रभावित जिलों में सुरक्षा व्यवस्था को और भी मजबूत किया जा रहा है। पुलिस और अर्धसैनिक बल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं जिससे इलाके को पूरी तरह से नक्सलियों से मुक्त किया जा सके।
इस अभियान के तहत ग्रामीणों को भी जागरूक किया जा रहा है कि वे नक्सलियों का समर्थन न करें और उनके बारे में पुलिस को जानकारी दें।
यह भी पढ़ें:-छत्तीसगढ़ में मचा राजनीतिक भूचाल: पूर्व मुख्यमंत्री के कई ठिकानों पर ईडी की छापेमारी